मोहाली में पिछले दो दिन में कोरोना संक्रमण से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, इसी दौरान 563 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 428 पर पहुंच गया है। हालांकि इन दो दिनों में 603 लोग कोरोना को मात देकर घर लौटे हैं। सोमवार को होली के दिन कोरोना संक्रमण से चार लोगों की मौत हो गई और 290 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके अगले दिन मंगलवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 273 लोग कोरोना संक्रमित मिले।
सोमवार को होली के दिन अकेले मोहाली शहर में कोरोना संक्रमण के 175 मामले सामने आए थे। इसके अलावा डेराबस्सी में 37, ढकोली में 29, घडुआं में 5, खरड़ में 31, कुराली में 8 और लालड़ू में 5 संक्रमण के मामले आए थे। जबकि मंगलवार को संक्रमित लोगों में ढकोली के 49, घडुआं के 4, डेराबस्सी के 2 और मोहाली शहर के 218 लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 26439 हो गई है। हालांकि सोमवार को 239 और मंगलवार को 364 लोगों ने कोरोना संक्रमण से निजात पाई है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से निजात पाकर सेहतमंद होने वालों की संख्या 22759 हो गई है। फिलहाल जिले में कोरोना के 3252 सक्रिय मामले हैं।
पंचकूला में 102 लोग संक्रमित मिले
उधर, पंचकूला में मंगलवार को कोरोना संक्रमित 102 लोग मिले हैं। इसमें रविवार और सोमवार के चिह्नित मामले भी शामिल हैं। संक्रमितों में 52 पुरुष और 50 महिलाएं शामिल हैं। मंगलवार को पंचकूला के 89 मामले सामने आए हैं। जिले में अब तक कोरोना से 154 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा रिकवरी रेट गिरकर 91.04 फीसदी पर आ चुका है। जिले में वर्तमान में 1004 सक्रिय मामले हैं।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिले में जो संक्रमित मिले हैं, वे सभी मामले पंचकूला के हैं। जिन मरीजों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है उनको आइसोलेट कर दिया गया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने पंचकूला में अब तक कुल 213982 सैंपल लिए हैं। जिसमें से अब तक 17146 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 12936 मामले शामिल हैं। इनमें से अब तक 11778 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।