चंडीगढ़। क्लबों में हुक्का पिलाने की जानकारी पर छापा मारा। पुलिस ने क्लबों से कई प्रतिबंधित हुक्के बरामद किए। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने क्लब संचालकों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शासन के दिशा-निर्देश का उल्लंघन करके लोगों को हुक्का परोसने के आरोप में सेक्टर-26 के रिफ बार क्लब के मैनेजर मनीष शर्मा और बुलेवार्ड क्लब के मैनेजर रवि के खिलाफ धारा-188 की कार्रवाई की है।
सेक्टर-26 थाने के एसएचओ नरेंद्र पटियाल को सूचना मिली थी कि उनके इलाके में दो क्लबों में क्लब संचालक हुक्का पिला रहे हैं। इसके बाद नरेंद्र पटियाल ने टीम के साथ क्लब में छापा मारा। जहां पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। कार्रवाई के बाद नरेंद्र पटियाल ने अपने इलाके में चलने वाले सभी क्लब संचालकों को क्लब में हुक्का न चलाने को लेकर चेतावनी दी है। वहीं क्लबों को समय पर बंद करने के लिए कहा है।