पंचकूला। चोरी का मोबाइल फोन बेचने निकले आरोपी को क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मान सिंह उर्फ मन्नु सेक्टर-12 निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी चोरियां करता है। अभी वह एक चोरी का मोबाइल फोन बेचने की फिराक में हर्बल पार्क सेक्टर-26 के पास खड़ा है। सूचना पाते ही क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद आरोपी की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसने अपने साथी सन्नी गांव महेशपुर निवासी के साथ मिलकर करीब 15 दिन पहले गांव महेशपुर से चोरी किया था। पुलिस ने चंडीमंदिर थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।