मोहाली। सेक्टर-88 लाइट प्वाइंट से स्लिप लोड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में बैठी लड़की को सिर और घुटने में मामूली चोटे आईं। हादसे के बाद गाड़ी को हुए नुकसान की भरपाई करने का आरोपी ने आश्वासन दिया था लेकिन अब वह ऐसा करने से इनकार कर रहा है। आरोपी की पहचान बिल्ला के रूप में हुई है। सोहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सूरज सिंह वासी गांव धनोआ जिला होशियारपुर हाल वासी सेक्टर-86 ने बताया कि वह सेक्टर-74 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पांच जुलाई को वह अपनी बहन के साथ गाड़ी में अपनी कंपनी की तरफ जा रहा था। जब उन्होंने सेक्टर-88 लाइट प्वाइंट से स्लिप रोड को गाड़ी उतरी तो सामने से एक स्विफ्ट कार आई जिसका ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। उसने बाईं ओर से कार को टक्कर मार दी। इस कारण उसकी बहन के सिर और घुटने पर चोट आई। उक्त आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए उनसे माफी मांगी और कहा कि उनकी गाड़ी ठीक करवा देगा। अब तक उनके राजीनामे की बात चल रही थी लेकिन बात नहीं बन सकी।