चंडीगढ़। सेक्टर 21/22 के लाइट प्वाइंट से कॉपर ट्रांसफार्मर चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइट प्वाइंट में लगने वाले दो कॉपर के ट्रांसफार्मर बरामद किए हैं। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने मनीमाजरा के इंदिरा कॉलोनी निवासी अर्जुन झा (46) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शनिवार आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बीते 4 जून को पुलिस को दी शिकायत में जेई बलिंदर कुमार ने बताया था कि सेक्टर 21/22 के लाइट प्वाइंट पर लगा सिग्नल खराब हो गया था। इसके बाद लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो 30 मई को लाल रंग की टीशर्ट और नीली जींस पहने एक व्यक्ति कॉपर का छोटा ट्रांसफार्मर चोरी करते नजर आया। शिकायत के बाद सेक्टर 19 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। बीते शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति कॉपर के ट्रांसफार्मर को बेचने जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने सेक्टर 21 के पेट्रोल पंप के पास नाका लगा कर आरोपी अर्जुन झा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ सेक्टर-34, 39 और मनीमाजरा थाने में चोरी के तहत कुल 8 मामले दर्ज हैं।