आरोपी का मेडिकल करवाकर ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
धनास-सारंगपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बीटल कार से सात लोगों को रौंदने के आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी परमवीर सिंह का पुलिस ने सेक्टर 16 अस्पताल में मेडिकल करवाया।
आरोपी परमवीर सिंह राष्ट्रीय स्तर का निशानेबाज है और तीन बार पंजाब का चैंपियन रह चुका है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी परमवीर सिंह की गिरफ्तारी शनिवार शाम लगभग सात बजे सारंगपुर स्थित आईआरबी कांप्लेक्स के पास से गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हादसे के बाद आरोपी अपने साथ मौजूद युवती के साथ डड्डूमाजरा के रास्ते शूटिंग रेंज की तरफ गया, जहां उसने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और उन्हें सेक्टर-34 स्थित के हीलिंग हॉस्पिटल पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद वह युवती के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां उसके ताऊ और पिता से उसकी मुलाकात हुई।
अस्पताल में परमवीर लगभग आधे घंटे रहा। वह शाम 7.10 बजे अस्पताल पहुंचा था और 7.40 पर बाहर आया। इस दौरान उसने अपना उपचार कराया और दवा ली। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। इलाज के बाद वह परिवार की ओर से लाई गई दूसरी गाड़ी से युवती के साथ फरार हो गया था।
पिता रियल एस्टेट कारोबारी
हादसे के बाद आरोपी और उसके परिवार वालों के नंबर लगातार बंद आ रहे थे। पंचकूला सेक्टर-21 स्थित उसके घर में केवल नौकर मौजूद था। अब पुलिस आरोपी परमवीर सिंह के पिता व कार मालिक कमलजीत सिंह से भी पूछताछ करेगी। कमलजीत एक रियल एस्टेट कारोबारी हैं और कामा एस्टेट नामक कंपनी चलाते हैं।