चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित होटल माउंट व्यू में हिमाचल प्रदेश की रहने वाली युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी अब तक फरार है। आरोपी जितेंद्र शर्मा (52) मूलरूप से पंजाब के माछीवाड़ा का रहने वाला है। दोनों करीब तीन साल से एक दूसरे के संपर्क में थे। आरोप है कि मोहली में ब्यूटीपार्लर अकादमी खुलवाने का झांसा देकर आरोपी युवती से दुष्कर्म कर रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-10 के होटल माउंट व्यू में एक युवती से दुष्कर्म हुआ है। सूचना पर सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का बयान दर्ज कर जीएमएसएच-16 में उसका मेडिकल करवाया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और युवती पहले भी कई बार होटल में आते रहे हैं। सोमवार को भी दोनों सेक्टर-10 स्थित होटल माउंट व्यू में होटल में पहुंचे, जहां दोनों की बहस हो गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का माछीवाड़ा स्थित एक स्कूल का मालिक है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।