चंडीगढ़। शहर के एक इलाके में दो मासूम बहनों (डेढ़ व सात साल) से अश्लील हरकत करने के मामले में गिरफ्तार राजकुमार (43) ने सेक्टर-31 थाने के लॉकअप में सोमवार देर रात दो बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे हड़कंप मच गया। आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। राजकुमार को फंदे से उतारकर जीएमसीएच-32 पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार मूलरूप से अमेठी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और कई साल से चंडीगढ़ में रह रहा था। प्रशासन ने मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
दो दिन पहले एक महिला ने सेक्टर-31 थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि राजकुमार ने उसकी डेढ़ व सात साल की दो बच्चियों के साथ अश्लील हरकत की है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर सोमवार शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार सुबह आरोपी राजकुमार को अदालत में पेश किया जाना था। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने उसे रात में खाना खिलाकर लॉकअप में बंद कर दिया। रात एक से डेढ़ बजे के बीच आरोपी राजकुमार ने थाने में ड्यूटी पर तैनात जवान से पीने के लिए पानी मांगा। जवान से पीने का पानी लेने के बाद आरोपी लॉकअप में सोने के लिए लेट गया। इसके बाद उसने ओढ़ने के लिए दिए गए कंबल के किनारे लगे कपड़े को फाड़कर फंदा बनाया और लॉकअप के अंदर लगी ग्रिल पर बांधकर लटक गया।
एक जवान ने लॉकअप के अंदर आरोपी को फंदे पर लटका देखा तो आलाधिकारियों को सूचित किया। सूचना पाते ही थाना प्रभारी रामरतन और डीएसपी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना कैद है। पुलिस घटना के बाद हैरत में पड़ गई। आरोपी को फंदे से उतारकर रात में ही अस्पताल पहुंचाया गया। राजकुमार के शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। मंगलवार सुबह फोरेंसिक टीमों के अलावा एसएसपी कंवरदीप कौर ने भी थाने में पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
तीन बेटियों का पिता था आरोपी
राजकुमार तीन बेटियों का पिता था। दो बेटियों की शादी हो चुकी है तीसरी बेटी 21 साल की है, जो उसके साथ रहती थी। राजकुमार कुछ समय पहले अपनी पत्नी से अलग हो गया था। पत्नी अब अमेठी में रहती है। उसकी पत्नी की मानसिक हालत भी ठीक नहीं है। आरोपी की एक बहन भी है, जो अमेठी में ही रहती है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। उनके आने के बाद ही डाक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा।
मृतक की बेटी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक राजकुमार की 21 वर्षीय बेटी ने पुलिस की कार्रवाई पर ही सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि रविवार शाम शिकायतकर्ता महिला ने अपने पति के साथ मिलकर उसके पिता जमकर पीटा था। इसके बाद उसके पिता पर अपनी बेटियों से छेड़छाड़ के आरोप लगा दिए, फिर पुलिस बुला लिया। पुलिस उसके पिता को सेक्टर-31 थाने ले गई थी। सोमवार सुबह जब वह पिता से मिलने थाने में गई तो उसे करीब 2 घंटे इंतजार कराया गया लेकिन पिता से नहीं मिलने दिया गया। मंगलवार सुबह तीन बजे उसे फोन कर पुलिस ने अस्पताल आने को कहा और जब वह अस्पताल में पहुंची तो पुलिस ने पिता का शव दिखाया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने आत्महत्या नहीं की बल्कि पुलिस ने उन्हें पीटकर मारा है।