सीनियर डिप्टी मेयर बोले- जो टूटी नहीं, वह भी बनाई जा रही, असल में जर्जर सड़कों की कोई सुध नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर में सड़कों की बदहाली को लेकर सीनियर डिप्टी मेयर जसवीर सिंह बंटी ने प्रशासन पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की वी-3 सड़कें बेहद खराब हाल में हैं लेकिन उनकी मरम्मत की जगह वो सड़कें फिर से बनाई जा रही हैं जो पूरी तरह सही हालत में हैं। उन्होंने सेक्टर-52 की सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की सड़क में किसी तरह की टूट-फूट नहीं थी फिर भी उसे तोड़कर दोबारा बनाने का काम शुरू हो गया है। बंटी ने कहा कि यह शहर के संसाधनों की बर्बादी है। साथ ही दर्शाता है कि प्रशासन जमीनी हकीकत की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के कई हिस्सों में सड़कें इतनी जर्जर हैं कि चलना मुश्किल हो गया है तो पहले उनका काम क्यों नहीं किया जा रहा? उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्राथमिकता तय कर सिर्फ उन्हीं सड़कों की मरम्मत की जाए जिनकी हालत वास्तव में खराब है ताकि जनता को सही मायनों में राहत मिल सके।