चंडीगढ़। सेक्टर-17 थाना क्षेत्र में कार गिरवी रखने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सेक्टर-40 निवासी शीनू अरोड़ा की शिकायत पर पुलिस ने दिल्ली निवासी वंश दहिया और जीरकपुर निवासी अरुण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024 में सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट में उनकी दुकान पर आने वाले वंश दहिया से जान-पहचान हुई थी। 5 नवंबर 2024 को वंश ने खुद को आर्थिक संकट में बताते हुए निजी फोटो के जरिए ब्लैकमेल किए जाने की बात कही और मदद मांगी। उसने अपनी क्रेटा कार को गिरवी रखने का झांसा देकर रुपये ले लिए।
आरोप है कि अलग-अलग तारीखों में यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के जरिए करीब दो लाख रुपये दिए गए। बाद में न तो कार लौटाई गई और न ही रकम वापस की गई। पुलिस लेनदेन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है।