चंडीगढ़। सेक्टर-38 में प्रयास भवन के सामने शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जिला अदालत से पेशी के बाद लौट रहे युवक पर बुलेट सवार दो हमलावर बीच सड़क ताबड़तोड़ वार कर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल युवक 10 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा लेकिन समय रहते कोई मदद नहीं मिल सकी। पीजीआई पहुंचने से पहले ही बापूधाम कॉलोनी निवासी सुमित उर्फ गोलू उर्फ कोलिस (21) की मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह रंजिश सामने आ रही है।
सुमित की शादी को महज सवा महीना ही हुआ था। शुक्रवार रात घर में चूड़ा उतारने की रस्म होनी थी और परिवार इसकी तैयारियों में जुटा था लेकिन इससे पहले ही यह वारदात हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
अदालत से ही शुरू हुआ पीछा
पुलिस के अनुसार सुमित शुक्रवार को अपनी मां मीना के साथ झगड़े से जुड़े एक मामले में सेक्टर-43 जिला अदालत में पेशी पर आया था। आरोपियों को इसकी पहले से भनक थी और वे अदालत परिसर के आसपास उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। पेशी के बाद सुमित की मां अलग रास्ते से निकल गई, जबकि सुमित सेक्टर-38 में अपने एक दोस्त के घर पहुंचा। दोस्त ने भी उसे चेताया कि कुछ युवक उसकी तलाश कर रहे हैं और तुरंत वहां से निकलने की सलाह दी।
भाजपा कार्यालय के बाद प्रयास भवन के सामने हमला
जैसे ही सुमित वहां से निकला, बुलेट सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे आरोपियों ने पहले सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के सामने उस पर चाकू से हमला किया। जान बचाने के लिए सुमित भागा लेकिन हमलावरों ने सेक्टर-38 की स्लिप रोड पर प्रयास भवन के सामने उसे घेर लिया। यहां पीठ, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए।
मदद को कोई नहीं रुका
कई गंभीर चोटें लगने और अधिक खून बहने के कारण सुमित करीब 50 मीटर दूर एक्टिवा समेत गिर पड़ा। उसने हेलमेट उतारकर दोबारा उठने की कोशिश की लेकिन कुछ कदम चलने के बाद सड़क पर गिर गया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात मुख्य सड़क पर हुई लेकिन कोई भी मदद के लिए नहीं रुका। पुलिस के अनुसार सुमित के खिलाफ एनडीपीएस का केस दर्ज था। वह जमानत पर बाहर आया था।
पहले एक्सीडेंट समझी गई कॉल
प्रयास भवन के एक कर्मचारी ने सड़क पर गिरी एक्टिवा और घायल युवक को देखा तो पहले एक्सीडेंट की आशंका जताई। पुलिस को सूचना दी गई और उसे ऑटो से पीजीआई ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खून के नमूने, एक्टिवा और एक जूता बरामद किया गया है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां मीना ने आरोप लगाया कि डड्डूमाजरा के कुछ युवकों से उनके परिवार की करीब एक साल से रंजिश चल रही थी। आरोपियों ने पहले भी धमकियां दी थीं और हथियारों के साथ वीडियो वायरल किए थे। एक माह पहले सेक्टर-17 में रिश्तेदार पर हमला और बापूधाम में पेट्रोल बम फेंकने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। मीना का कहना है कि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो उनका बेटा आज जिंदा होता। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।