चंडीगढ़। बीते सप्ताह सेक्टर-23ए स्थित सरकारी मकान में पत्नी की हत्या व लुधियाना में बेटे के हत्या प्रयास का आरोपी पिता मनदीप सिंह अबतक फरार है। वारदात के एक सप्ताह बाद भी आरोपी का कुछ पता नहीं लग सका है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का बैंक खाता भी खाली है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार है। पुलिस टीम पंजाब के अलग-अलग हिस्सों समेत जगह-जगह आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 15 सितंबर को लुधियाना के कटानीकलां के पास नहर से लावारिस हालत में मिले बच्चे ने पुलिस को बताया था कि वह पापा और छोटे भाई के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आया था। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-23ए स्थित सरकारी मकान नंबर 25 में रहता है। इसके बाद पंजाब पुलिस उसे चंडीगढ़ स्थित उसके घर छोड़ने आई तो उसकी मां की लाश मिली थी। पुलिस जांच में ज्योति रानी (40) रामदरबार के करसन स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। वहीं उसका पति मनदीप सिंह सेक्टर-47 स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। करीब पांच साल से दोनों सेक्टर-23ए स्थित सरकारी मकान में 13 और 9 वर्षीय बेटे के साथ रहते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मनदीप और ज्योति रानी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। वहीं पुलिस को ज्योति की बहन ने बताया था कि ज्योति ने कुछ महीने पहले उससे कहा था कि उसके पास एक डायरी है। पुलिस अब इस डायरी को खंगालने में जुटी रही लेकिन अभी तक ऐसा कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसके अलावा पुलिस ने पंजाब के विभिन्न जगहों के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला था ताकि आरोपी का सुराग लग सके।