चंडीगढ़। जिला अदालत ने चार साल पहले फॉर्च्यूनर कार की टक्कर में पांच साल की बच्ची की मौत के मामले में आरोपी चालक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। बरी होने वाले व्यक्ति की पहचान पंचकूला जिले के एमडीसी सेक्टर-5 निवासी नीरज साहनी के तौर पर हुई है। उसके खिलाफ आईटी पार्क थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।
नीरज साह घटना के वक्त अपनी फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर सेक्टर-17 से पंचकूला अपने घर की ओर से जा रहा था। सुबह 10:40 बजे जब वह शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो वहां बच्चों के साथ खेल रही पांच साल की जानवी गाड़ी के बंपर से टकरा गई। हादसे में घायल बच्ची को नीरज साहनी ने अपनी गाड़ी में सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल ने आईटी पार्क थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नीरज साहनी से पूछताछ कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया था।