चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने महिलाओं की सुरक्षा मुद्दे पर स्टूडेंट्स सेंटर पर प्रदर्शन किया। एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में पीएसयू ललकार लुधियाना से जुड़ी छात्रा दिलजोत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु ने विश्वविद्यालय, पंजाब और पूरे छात्र समाज को झकझोर कर रख दिया है।
मृत छात्रा की माता की ओर से पीएसयू ललकार से जुड़े लोगों पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, दबाव, शोषण और मृत्यु के लिए जिम्मेदार होने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह कोई सामान्य मामला नहीं, बल्कि एक ऐसी बेटी की आवाज है जिसे कथित रूप से संगठित उत्पीड़न के चलते चुप करा दिया गया।
एबीवीपी अध्यक्ष आशीष शर्मा ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग उठाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के लिए है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मृत छात्रा के परिवार को तत्काल न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।