बहुचर्चित अबोहर कांड में मृतक भीम टांक का परिवार ने शिव लाल डोडा की गिरफ्तारी के लिए कल से भूख हड़ताल पर बैठने जा रहा है। एक जनवरी से सफाई कर्मी मोगा, फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर और फरीदकोट में रोष प्रदर्शन कर पंजाब सरकार का पुतला फूंकेंगे।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार 48 घंटे के भीतर भीम हत्याकांड के मुख्य आरोपी शराब व्यवसायी शिव लाल डोडा को गिरफ्तार करने के वादे पर खरी नहीं उतरी।
पंजाब सरकार की तरफ से दूत बन कर आए उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह के ओएसडी चरणजीत सिंह बराड़ ने 48 घंटे में डोडा को गिरफ्तार करने का वादा किया था।
48 घंटे सोमवार शाम चार बजे खत्म हो गए। इसके बाद कमेटी ने नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत मंगलवार सुबह से कमेटी और दलित समुदाय के लोग भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
कमेटी के सदस्य गणेश ने बताया कि चरणजीत सिंह बराड़ ने डोडा की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे मांगे थे। सोमवार शाम चार बजे तक पीड़ित परिवार और संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने इंतजार किया लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी का कोई संदेश नहीं आया।
उसके बाद कमेटी के सभी सदस्यों ने बैठक कर एक नई रणनीति तैयार की है। गणेश ने बताया कि मंगलवार सुबह पीड़ित परिवार, कमेटी के सदस्य और दलित समुदाय के लोग भूख हड़ताल पर बैठेंगे।