दिव्यांगों को अपनी क्षमता पहचानने के मकसद से रविवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब से स्वच्छ एबिलिटी रन 2016 का आयोजन किया गया। इसमें शहरवासी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और स्कूली बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
स्कूली बच्चे अपने साथ स्वच्छता के संदेश की तख्तियां लेकर आए थे। इस दौरान इंडिया फर्स्ट मैराथन ब्लेड रनर मेजर डीपी सिंह ने दिव्यांग साथियों का हौसला बढ़ाया। इसमें तीन किलोमीटर और दस किलोमीटर की दो मैराथन रेस का आयोजन किया गया।
दोनों ही प्रतियोगिताओं में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह मैराथन चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक आने वाले सभी शहरों में आयोजित की जाएगी। मेजर डीपी सिंह ने बताया कि अब भी कई दिव्यांग अपने अंदर हीनभावना महसूस करते हैं। इसे खत्म करने और उनके अंदर एक विश्वास पैदा करने के लिए इसका आयोजन किया गया है।