इनेलो परिवार में चल रहा क्लेश थम नहीं रहा है। चाचा- भतीजों के बीच चल रहे सियासी विवाद में एक से बढ़ कर एक तीर छोड़े जा रहे हैं। भतीजों के हस्ताक्षर बयान से आहत अभय चौटाला पार्टी सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला से मिलने तिहाड़ जेल पहुंचे। उनके जाने के बाद ओम प्रकाश चौटाला का हस्ताक्षरित पत्र और जेल मुलाकात का मोहर लगा पत्र भी मीडिया में लीक किया गया।
इंडियन नेशनल लोकदल पर कब्जे की लड़ाई में अभय चौटाला ने तिहाड़ जाकर पार्टी प्रमुख चौधरी ओमप्रकाश चौटाला से मुलाकात की है। वहीं, अजय चौटाला ने भी पूरा दिन दिल्ली में रहकर समर्थन जुटाने की कवायद में पार्टी के एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
दिन के 12 बजे अभय चौटाला ने तिहाड़ जाकर पिता ओपी चौटाला से मुलाकात की है। लगभग एक घंटा चली बैठक में अजय चौटाला के निष्कासन समेत अभय वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम की जानकारी ओपी चौटाला को दी है। मुलाकात के बाद अभय चौटाला ने अजय चौटाला के निष्कासन पत्र के साथ जेलर द्वारा प्रमाणित एक पत्र भी जारी किया।
इसमें ओपी चौटाला की ओर से 12 नवंबर को लिखे पत्र में उनके हस्ताक्षर को सत्यापित करने की गुजारिश की गई है। अजय चौटाला पक्ष से पार्टी प्रवक्ता दिनेश डागर ने इस मुलाकात पर टिप्पणी करते हए कहा है कि निष्कासन पर हस्ताक्षर गुरुवार को कराए गए हैं। यह अभय चौटाला का राजनैतिक दांव है।