चंडीगढ़। चंडीगढ़ में 29 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी दिन सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का भी चुनाव होना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आम आदमी पार्टी 22 जनवरी तक मेयर पद के प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है। इस बीच पार्टी के पार्षदों को शहर से बाहर भेजने की भी योजना बनाई जा रही है ताकि किसी तरह की टूट-फूट या नुकसान से बचा जा सके। सभी पार्षदों को इसके लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सेक्टर-27 में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में चंडीगढ़ आप के सह प्रभारी डॉक्टर एस एस अहलूवालिया मौजूद रहे। उन्होंने एक-एक कर सभी पार्षदों की राय जानी। फिलहाल आम आदमी पार्टी के पास नगर निगम में कुल 11 पार्षद हैं। बैठक में सभी पार्षदों से मेयर पद के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम सुझाने को कहा गया।
भाजपा 12 से 18 पहुंच सकती है तो आप 11 से 19 क्यों नहीं
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि मेयर चुनाव जीतने के लिए 19 पार्षदों का समर्थन जरूरी है जबकि पार्टी के पास अभी केवल 11 पार्षद हैं। ऐसे में पार्षदों की संख्या बढ़ाने को लेकर रणनीति पर विचार किया गया। कुछ पार्षदों ने कहा कि जब भाजपा 12 से 18 पार्षदों तक पहुंच सकती है तो आम आदमी पार्टी भी 11 से 19 तक क्यों नहीं पहुंच सकती। इसी को लेकर पार्टी स्तर पर प्रयास शुरू किए जाने के संकेत मिले हैं।
अभी साल आम चुनाव की तैयारी शुरू
बैठक में 2026 में होने वाले आम निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि उस चुनाव को पार्टी पूरी तरह अपने दम पर लड़ेगी। इसके लिए मौजूदा मेयर चुनाव के तुरंत बाद हर वार्ड की जिम्मेदारी पंजाब के दो-दो विधायकों को सौंपी जाएगी।
हालांकि मौजूदा मेयर चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ। आप नेता जरनैल सिंह के हालिया बयानों के बाद गठबंधन को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। अब 22 जनवरी को इस पर स्थिति साफ होने की संभावना है। हालांकि भाजपा को हराने के लिए अंत समय भी दोनों ही पार्टी के लोग साथ आ सकते हैं लेकिन 2027 में होने से पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए उम्मीद लगाई जा रही है कि दोनों दल गठबंधन में साथ जाने से बचना चाहते हैं। अगर गठबंधन नहीं किया तो भाजपा का मेयर बनना तय है। फिलहाल पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पार्षदों को भाजपा में जाने से रोकना है।