आम आदमी पार्टी ने पंजाब में लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने तीन जनवरी को दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। हाल ही में हुई आप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पंजाब समेत कुछ राज्यों में लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया गया था। पंजाब में पार्टी सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
चुनाव पर मंथन के लिए होने वाली बैठक में पंजाब के सभी सांसद, विधायक, जोन व जिला प्रधान और सभी विंग के जिला प्रधान शामिल होंगे। इसमें केजरीवाल और पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया चुनाव को लेकर फीडबैक लेंगे। साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चुनाव को लेकर जो भी रणनीति तय की गई है, वह बताएंगे। आप के बागी सुखपाल खैरा गुट के विधायकों के इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद नहीं है।
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आप के पूरे देश से सिर्फ चार सांसद जीते थे, जोकि पंजाब से ही थे। पार्टी ने 24 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल कर सबको हैरान कर दिया था। भगवंत मान और प्रो. साधू सिंह पार्टी गतिविधियों में सक्रिय हैं। जबकि, सांसद धरमवीर गांधी और हरिंदर खालसा को सस्पेंड किया जा चुका है।
दिखाई जाएंगी उपलब्धियां
आप नेतृत्व द्वारा दिल्ली में तीन जनवरी को बुलाई जाने वाली बैठक के बाद पंजाब में ग्रास रूट लेवल पर काम करने वाले नेताओं को दिल्ली सरकार की उपलब्धियां भी बताई जाएंगी। उन्हें दिल्ली के किसी सफल सरकारी स्कूल और अस्पताल का दौरा कराया जाएगा। वहां दिल्ली सरकार द्वारा किया कायाकल्प दिखाया जाएगा। ताकि वे पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान आत्मविश्वास के साथ वोटरों को यह बता सकें।
तीन रैलियां करेंगे केजरीवाल
आप ने अपनी चुनावी तैयारी को लेकर अपने सबसे बड़े स्टार प्रचारक अरविंद केजरीवाल की तीन रैलियां करने की भी योजना बना ली है। केजरीवाल माझा, दोआबा और मालवा में एक-एक रैली करेंगे। अभी तक के प्रोग्राम के मुताबिक बीस को केजरीवाल की रैली बरनाला में होगी। 22 को होशियारपुर या गढ़शंकर और तीन फरवरी को माझा में एक रैली होगी।