चंडीगढ़। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से 4 जून को घोषित नीट (यूजी) 2024 के नतीजों में हुए घोटाले के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आप के प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया के नेतृत्व में सेक्टर-7 में प्रदर्शन हुआ। मेयर कुलदीप कुमार भी प्रदर्शन में शामिल रहे। आप के सभी पार्षद व नेता प्रदर्शन करते हुए पंजाब राजभवन की तरफ जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। सभी को हिरासत में ले लिया।
मेयर कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में हो रहे घोटाले बड़ी संख्या में लोगों के सामने आ रहे हैं। नीट के नतीजों में जो गड़बड़ी सामने आई है, उससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद हो गया है। तमाम अनियमितताएं सामने आने के बाद भी भाजपा इस मुद्दे को दबा रही है। आरोपियों पर कार्रवाई होने के बजाय बचाने की कोशिश की जा रही है।
डॉ. एसएस अहलूवालिया ने कहा कि नीट के नतीजे घोषित हुए 14 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। न ही कोई जांच शुरू हुई। उन्होंने कहा कि देश के शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने माना है कि नीट में गड़बड़ी हुई है। बिहार पुलिस ने नीट में गड़बड़ी के सबूत दिए हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। अगर भाजपा ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में संघर्ष तेज किया जाएगा।
प्रशासक को ज्ञापन देना चाहते थे आप नेता, नारेबाजी पर हिरासत में लिया
आप के सभी नेता व कार्यकर्ता सेक्टर-7 में प्रदर्शन के बाद पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित को राष्ट्रपति के नाम नीट में घोटालेबाजों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक ज्ञापन देना चाहते थे लेकिन इससे पहले ही आप के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने जबरन बसों में भरकर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के पुलिस स्टेशन में बंद कर दिया। आप ने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है ताकि लाखों छात्रों को इंसाफ मिल सके। प्रदर्शन में पंजाब एग्रो के चेयरमैन शमिंदर खिंडा, आप चंडीगढ़ के वरिष्ठ नेता प्रेम गर्ग, चंद्रमुखी शर्मा, डॉ. हरमीत सिंह, अमित जैन, विजय पाल, पार्षद दमनप्रीत सिंह, योगेश ढींगरा, हरदीप सिंह बुटेरला, अंजू कत्याल, मनोवर, रामचंद्र यादव व अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।