16 से 18 अक्तूबर के बीच हर लोकसभा प्रभारी व स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले हफ्ते ही पार्टी ने हर लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की थी। अब आप सांसद संदीप पाठक लोकसभा प्रभारियों के साथ हर लोकसभा क्षेत्र में बैठक करेंगे और फीडबैक लेंगे। 16 से 18 अक्तूबर तक वे हर लोकसभा वार बैठक आयोजित करेंगे और आगामी रणनीति तय करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक 16 अक्तूबर को वह करनाल, सोनीपत, अंबाला और कुरुक्षेत्र के प्रभारियों व स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। 17 अक्तूबर को वह सिरसा और हिसार और 18 अक्तूबर को रोहतक, भिवानी, गुड़गांव, फरीदाबाद के प्रभारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। पार्टी के मुताबिक आप पूरी तैयारी के साथ लोकसभा चुनाव में जुटेगी। इसके लिए उसने माइक्रो स्तर तक अपनी योजनाओं को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। पार्टी ने पंजाब के मंत्रियों को लोकसभा की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रभारियों की नियुक्ति के बाद उनकी स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पहली बैठक होगी। इस दौरान पाठक प्रभारियों को स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पहचान करवाएंगे। साथ ही प्रभारियों को टीम मैनेजमेंट व कैंपेन का मूल मंत्र देंगे। बताया जा रहा है कि दिवाली के बाद आप प्रदेश में रैलियों का दौर शुरू करेगी। हर लोकसभा क्षेत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की रैलियां रखी जाएंगी।