फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सत्ताधारियों पर टिप्पणी करने वालों को दबा रही सरकार: आप

Thu, 31 Dec 2015 10:04 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी दल के नेताओं पर सोशल मीडिया में टिप्पणी करने वालों को पंजाब सरकार दबा रही है। आप सांसद भगवंत मान ने कहा है कि सत्ता में आने पर पार्टी पंजाब में मीडिया की स्वतंत्रता सुनिश्चित बनाएगी और सच्चाई की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने वालों को सलाखों के पीछे धकेलेगी।
विज्ञापन


वीरवार को प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता में मान के अलावा पार्टी नेता हिम्मत सिंह शेरगिल, आरपी भारद्वाज और युवा नेता हरजोत सिंह बैंस भी उपस्थित थे। मान ने कहा कि सोशल मीडिया पर सत्ताधारी दल के नेताओं के बारे में अहम और सनसनीखेज खुलासे किए जा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार बेवजह कार्रवाई कर रही है। हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है।

मान ने आरोप लगाया कि जो लोग विदेशों से सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर रहे हैं, पंजाब में बैठे उनके रिश्तेदारों को भी सरकार नहीं बख्श रही। एक उदाहरण देते हुए मान ने कहा कि विदेशी पत्रकार नवतेज पन्नु सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाते रहे हैं, इसी कारण पन्नु को पुराने मामले में एकाएक गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन


मान और शेरगिल ने आरोप लगाया कि सरकार ने केबल नेटवर्क पर अपना कब्जा जमा रखा है। ऐसे चैनलों को ही चलने दिया जा रहा है, जो केवल सरकार की एकतरफा खबरें प्रसारित कर रहे हैं। इसे मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध करार देते मान ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक चैनल चलने नहीं दिया और एक अन्य चैनल को चलने की अनुमति नहीं देने दी।

मान ने कहा कि वर्ष 2017 में आप यदि सत्ता में आई तो मीडिया की स्वतंत्रता सुनिश्चित बनाई जाएगी। आप नेताओं ने वरिष्ठ पत्रकार कंवर संधू का मुद्दा भी भुना लिया। सरकार पर आरोप लगाया कि संधू को घेरने की कोशिशें की जा रही हैं। मान ने कहा कि पत्रकार कहीं भी जाकर स्टिंग ऑपरेशन कर सकता है, उस पर कोई बंदिश नहीं है। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी संधू के साथ खड़ी है।

उधर, हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि वह सत्तासीन नेताओं की लाल किताब तैयार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेता बेकसूर लोगों को फंसाने की कार्रवाई कर रहे हैं। ऐसे सभी नेताओं की कार्रवाई वह नोट कर रहे हैं और सत्ता में आने पर ऐसे लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें