आम आदमी पार्टी दिल्ली में खड़े हुए संकट के बीच सोमवार को पंजाब के भविष्य पर फैसला करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय कनवीनर अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली में पंजाब के नेताओं की बैठक बुलाई है। पहले से तय एजेंडे के मुताबिक, बैठक में पंजाब के नए सूबा कनवीनर पर फैसला होना था। हालांकि अब इसके टलने के आसार हैं, लेकिन बैठक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ही होगी।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव को लेकर केजरीवाल ने सोमवार दोपहर 12 बजे अहम बैठक रखी थी। इसमें पंजाब के सभी 20 विधायकों, सांसद भगवंत मान व प्रो. साधू सिंह और सूबा कनवीनर गुरप्रीत घुग्गी को बुलाया गया है।
केजरीवाल सभी नेताओं से पहले अलग-अलग फीडबैक लेंगे, फिर बैठक में नए कनवीनर का एलान किया जाना था। पंजाब के नए सूबा कनवीनर की दौड़ में भगवंत मान और सुखपाल खैरा का नाम सबसे आगे है। पार्टी घुग्गी को बरकरार रखने के मूड में नहीं है और एचएस फूलका को पहले ही नेता प्रतिपक्ष बनाया जा चुका है।
विधायक दिल्ली पहुंचे
अरविंद केजरीवाल
- फोटो : File Photo
सूत्रों का कहना है कि पार्टी भगवंत मान को जिम्मेदारी सौंपने का मन बना चुकी है। क्योंकि मान राष्ट्रीय नेतृत्व को सूट करते हैं। वह केजरीवाल के करीबी हैं, पंजाब में स्टार प्रचारक हैं। जितनी भीड़ उनके नाम पर जुट सकती है, किसी और नेता के नाम पर नहीं। हालांकि वॉलंटियर्स का एक वर्ग खैरा को कनवीनर बनाना चाहता है। आप की एनआरआई विंग ने एक दिन पहले केजरीवाल को पत्र लिख कर मांग की थी कि मान को कनवीनर न बनाया जाए, लेकिन आसार ऐसे लग रहे हैं कि मान को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसका इशारा कई विधायकों को भी मिल गया है।
पिछले दो-तीन दिन के दौरान कई विधायक मान से मिलने उनके घर पहुंचे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सूबा कनवीनर की घोषणा होने वाली थी, लेकिन रविवार को पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर सेहतमंत्री सत्येंद्र जैन से दो करोड़ रुपये लेने का गंभीर आरोप लगा दिया। इसके बाद पार्टी में उथल-पुथल मच गई है। ऐसे में संभावना है कि सोमवार को एलान टल सकता है।
विधायक दिल्ली पहुंचे
आम आदमी पार्टी के ज्यादातर विधायक रविवार शाम तक ही दिल्ली पहुंच गए थे। बाकी रात तक पहुंच गए। क्योंकि सोमवार दोपहर 12 बजे मीटिंग है। पहले अरविंद केजरीवाल एक-एक विधायक से अकेले में बात करके पंजाब में संगठन, चुनाव में हार के कारणों और भविष्य की रणनीति पर फीडबैक लेंगे। उसके बाद सबके साथ बैठक करेंगे।