पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आप विधायक सुखपाल सिंह खैरा की माता सरदारनी मोहिंदर कौर का सोमवार रात चंडीगढ़ स्थित आवास पर निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं।
मंगलवार दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिला कपूरथला में किया गया। पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. सुखजिंदर सिंह की पत्नी सरदारनी मोहिंदर कौर की छह बेटियां और एक बेटा सुखपाल सिंह खैरा हैं।
राणा केपी, कैप्टन अमरिंदर, तृप्त बाजवा ने सुखपाल खैरा की माता के निधन पर दुख जताया
पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैरा की माता मोहिंदर कौर के निधन पर गहरे दुख का इजहार किया है। मोहिंदर कौर पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. सुखजिंदर सिंह की पत्नी थी। उनका सोमवार रात चंडीगढ़ स्थित आवास पर निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं। शोक संदेश में राणा केपी सिंह ने कहा कि मोहिंदर कौर द्वारा किए गए सहयोग और योगदान के कारण उनके पति और बेटे ने सियासी जीवन में अहम स्थान बनाया है।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक शोक संदेश में खैरा परिवार के साथ हमदर्दी जताते हुए कहा कि सुखपाल खैरा की माता जी के निधन की खबर सुनकर उन्हें दुख पहुंचा और वे दुख की इस घड़ी में खैरा परिवार के साथ शरीक हैं।
सूबे के ग्रामीण विकास एवं पंचायत और जल सप्लाई व सेनिटेशन मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने मोहिंदर कौर के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक शोक संदेश में कहा कि पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. सुखजिंदर सिंह की पत्नी महिंदर कौर ने अपने पति और बेटे के सामाजिक व सियासी जीवन में अहम योगदान दिया।