आम आदमी पार्टी की फौज जल्द ही सूबे में घर-घर पहुंचना शुरू होगी। लोगों को अकाली-भाजपा सरकार की खामियों के साथ-साथ दिल्ली सरकार की उपलब्धियां बताई जाएंगी।
सोमवार को नई दिल्ली में हुई नेशनल काउंसिल मीटिंग के दौरान राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को लेकर अपने इरादे जता दिए हैं। उनके संकेतों से पंजाब के वॉलंटियर्स खासे उत्साहित हैं।
सोमवार को केजरीवाल ने पंजाब में संगठन और चुनावी तैयारी को लेकर सूबा कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर से विचार-विमर्श किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि जल्द से जल्द बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा खड़ा करने का काम पूरा कर लिया जाए। इसके बाद बूथ लेवल वॉलंटियर्स को घर-घर भेजा जाए। अगले महीने वह खुद वॉलंटियर्स को मोटिवेट करने के लिए पंजाब आएंगे।
वॉलंटियर्स मीट के दौरान ट्रेनिंग सेशन भी रखा जा सकता है। इसके बाद जनवरी में पार्टी एक बड़ी रैली करेगी, उसमें भी केजरीवाल शामिल होंगे। इस रैली से पार्टी की लोकप्रियता का आकलन किया जाएगा। उसके मुताबिक ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
तीन से शुरू होगा महिला विंग का पंजाब दौरा
सूबे में आप का बूथ स्तर का संगठन ढांचा लगभग तैयार है। अब पार्टी सभी विंगों का भी समानांतर बूथ स्तर तक का ढांचा खड़ा करने जा रही है। सबसे पहले तीन दिसंबर से महिला विंग का पंजाब दौरा शुरू होगा।
विंग के प्रादेशिक नेता हर जोन, सर्किल में जाकर विंग का बूथ स्तरीय ढांचा खड़ा करेंगे। इसके साथ ही दूसरी विंग का भी ढांचा खड़ा होगा। ताकि बूथ स्तर पर 11 लोगों की टीम बन सके। पार्टी ने पंजाब को 39 सेक्टरों में बांटा है, जिन्हें आगे सर्किल में बांटा गया है। हर सर्किल में 10-15 बूथ हैं।
कोट.
पंजाब के संबंध में राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल से विचार-विमर्श हुआ है। सूबे में संगठन लगभग तैयार है। केजरीवाल के पंजाब के बारे में एलान से वॉलंटियर्स का उत्साह बढ़ गया है। जल्द ही वॉलंटियर्स मीट कराई जाएगी, जनवरी में एक रैली होगी। दोनों में केजरीवाल शामिल होंगे।
-- सुच्चा सिंह छोटेपुर, सूबा कन्वीनर, आम आदमी पार्टी