4 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव की नाभा हलके से संबंधित ईवीएम के साथ सोमवार को यहां छेड़छाड़ का मामला आने से हलचल मच गई। पटियाला के फिजिकल कालेज में रखी ईवीएम वाली बिल्डिंग में सोमवार सुबह यहां एक व्यक्ति आया, जिसके पास आरओ का पत्र था। यह व्यक्ति कालेज अंदर दाखिल हुआ और कहने लगा कि वह पंचायती विभाग से आया है और विभाग से संबंधी कुछ कागजात लेकर जाने हैं, और कमरों के अंदर पड़े ट्रंकों को लेकर जाने लगा।
इस संबंधी शक होने के बाद कालेज में टेंट लगाकर पक्का मोर्चा लगाए बैठे आप वर्करों ने शोर मचा दिया। इसके तुरंत बाद नाभा से आप के उम्मीदवार गुरदेव सिंह मान अपने साथियों समेत वहां पहुंचे। आप वर्करों ने बताया कि जब उस व्यक्ति से ट्रंकों को लेकर जाने के बारे में पूछा तो उसका कहना था कि अक्तूबर में होने वाले नगर निगम के चुनावों संबंधी ईवीएम त्रिपड़ी लेकर जा रहा है और अपना ट्रंक लेकर चला गया। इस मौके पर आप के अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई, जो सरासर गलत है।
डीसी रामवीर सिंह ने कहा कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ का कोई भी मामला नहीं है। नगर निगम चुनाव से संबंधित मशीनों की कंपनी वीपीएल है, जबकि विधानसभा चुनाव से संबंधित ईवीएम की कंपनी है। कंपनी का फर्क है और आप वर्करों को जो धोखा हुआ है, वह दूर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी ईवीएम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।