आम आदमी पार्टी को विवादों से निजात नहीं मिल पा रही है। रोजाना पार्टी में कोई नया विवाद खड़ा हो रहा है।
सुच्च्चा सिंह छोटेपुर को सूबा कनवीनर पद से हटाने को लेकर विवाद अभी थमा नहीं था कि अब पार्टी की मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन कंवर संधू ने नए विवाद को हवा दे दी है।
संधू ने एक दिन पहले पार्टी में शामिल हुए स्व. जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा के दामाद हरमेल सिंह टोहड़ा की शमूलियत पर सवाल उठाए हैं। अपने फेसबुक पेज पर संधू ने कहा कि एक दिन पहले उनकी किसान मेनिफेस्टो को लेकर मीटिंग थी। उसकेबाद उन्हें कहा गया कि किसी की पार्टी में शमूलियत होनी है, उन्हें भी वहां मौजूद रहना है। उन्होंने पूछा कि कौन शामिल हो रहा है, तो बताया गया कि हरमेल सिंह टोहड़ा और उनकी पत्नी शामिल हो रहे हैं।
संधू ने कहा कि टोहड़ा को शामिल करने के फैसले में वह नहीं थे। उन्हें एक दिन पहले यह भी नहीं पता था कि लोकसभा चुनाव के दौरान डॉ. धरमवीर गांधी पर जो हमला हुआ था, उसके पीछे टोहड़ा का हाथ था। संधू ने कहा कि पार्टी को पूरी पड़ताल के बाद ही किसी को शामिल करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उस हमले केलिए टोहड़ा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्हें यह भी साबित करना चाहिए कि वह आम आदमी पार्टी की रणनीति केप्रति पूरी तरह समर्पित हैं। संधू जैसे सीनियर नेता के फेसबुक पोस्ट के बाद पार्टी में फिर हलचल तेज हो गई है। दिल्ली केनेता भी इसे पचा नहीं पा रहे हैं।
फेसबुक पोस्ट के बाद संधू दिल्ली तलब :
सूत्रों के मुताबिक संधू की फेसबुक पोस्ट के बाद आप में हलचल मच गई है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें दिल्ली तलब कर लिया है। इस बारे में पूछे जाले पर पार्टी संगठन विस्तार प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा है कि संधू मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन हैं और मेनिफेस्टो से संबंधित मीटिंग में हिस्सा लेने के सिलसिले में ही वे दिल्ली गए हैं।