दिल्ली के बाद अब पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी। यह शक्ति प्रदर्शन खालसा की धरती श्री आनंदपुर साहिब में होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल समेत कई शीर्ष नेता शामिल होंगे। वहीं, पूरे पंजाब से वॉलंटियर्स जुटाए जाएंगे।
आप की बेईमान भगाओ, पंजाब बचाओ यात्रा 15 मई को जलियांवाला बाग, अमृतसर से शुरू होगी। 23 मई को श्री आनंदपुर साहिब में इसकेसमापन पर रैली की जाएगी, जिसमें केजरीवाल केअलावा पंजाब के ऑब्जर्वर संजय सिंह, कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, पूर्व प्रभारी जरनैल सिंह के अलावा दिल्ली के शीर्ष नेता और कुछ मंत्री भी शामिल होंगे। पंजाब की सारी लीडरशिप तो मौजूद होगी ही। यात्रा की अगुवाई संजय सिंह व छोटेपुर करेंगे।
लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में शानदार प्रदर्शन
आप ने लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में शानदार प्रदर्शन किया था। चार सीटों के साथ पार्टी ने काफी बड़ा वोट प्रतिशत भी हासिल किया था, लेकिन उसके बाद से पंजाब पर हाईकमान का ध्यान नहीं रहा। दिल्ली में जीत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की गुटबाजी तेज हो गई। योगेंद्र यादव ने जैसे ही पंजाब पर फोकस किया, पार्टी भी चौकन्नी हो गई।
पार्टी में वॉलंटियर्स का एक बड़ा वर्ग अभी भी असमंजस में है कि योगेंद्र के साथ कितने लोग जाएंगे। इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए इन लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। यह संदेश दिया जाएगा कि सारा कैडर पार्टी के साथ ही, ताकि वॉलंटियर्स योगेंद्र की तरफ न खिसक जाएं। पहले यात्रा तीस को संपन्न होनी थी। इसी बीच योगेंद्र ने 24 मई को लुधियाना में स्वराज संवाद रख लिया।
इसलिए खास रणनीति केतहत यात्रा का समापन 23 को करके केजरीवाल और पूरी टीम को बुलाया जा रहा है। पार्टी यह भी मान रही है कि यात्रा के जरिए उसे जमीनी हकीकत भी पता चल जाएगी कि लोक सभा चुनाव में मिले जनाधार की क्या स्थिति है।
यात्रा का रूट
15 मई - अमृतसर से शुरू होकर पठानकोट
16 मई - पठानकोट से होशियारपुर
17 मई - होशियारपुर से जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, मोगा
18 मई - मोगा से फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर
19 मई - मुक्तसर से बठिंडा, मानसा, संगरूर
20 मई - संगरूर से बरनाला, पटियाला
21 मई - पटियाला से फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना
22 मई - लुधियाना से नवांशहर, मोहाली
23 मई - मोहाली से रोपड़, आनंदपुर साहिब