हिंदू नेता ने माता के मंदिर की सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक के लिए डीसी व एसडीएम से इस्तीफों की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वही सिक्योरिटी चली आ रही है, इसमें बदलाव लाया जाए। थाना कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर बिक्रम बराड़ ने बताया कि आरोपी राजदीप को मौके से काबू कर लिया गया है। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच चल रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मंदिर के बाहर भाजपा का धरना, मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग
श्री काली माता मंदिर में हुई बेअदबी की घटना के विरोध में जिला भाजपा (शहर) प्रधान हरिंदर कोहली की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंदिर के बाहर धरना प्रदर्शन किया और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। जिला प्रधान कोहली ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व पंजाब में दोबारा हिंसा भड़काने की साजिश कर रहे हैं।
आगे कहा कि श्री काली माता मंदिर पूरे उत्तर भारत के हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का केंद्र है। यहां अगर दिनदहाड़े और सुरक्षा के बीच इस तरह की घटना बड़ी साजिश की तरफ इशारा करती है। जिसका पर्दाफाश करने के लिए उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हम कथित बेअदबी की घटना की पुष्टि करेंगे, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पटियाला एसपी सिटी हरपाल सिंह
पंजाब की सामाजिक समरसता को अस्थिर करने की कोशिश: सीएम चन्नी
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि आज दोपहर करीब 2.30 बजे पटियाला के श्री काली माता मंदिर में एक व्यक्ति पहुंचा और उस सिंहासन पर चढ़ गया जहां श्री काली माता जी की मूर्ति स्थापित है। इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व आगामी चुनावों को देखते हुए पंजाब के सामाजिक समरसता को अस्थिर करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं लेकिन मैं उन्हें उनके दुर्भावनापूर्ण मंसूबों में कामयाब नहीं होने दूंगा।
पटियाला के श्री काली माता मंदिर में बेअदबी के प्रयास की घटना की कड़ी निंदा करते हैं। पंजाब में शांति भंग करने की बार-बार कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं चुनाव आयोग से कार्रवाई का आग्रह करता हूं। कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब का माहौल बिगाड़ने की साजिशें जारी हैं। पटियाला के श्री काली माता मदिंर में बेअदबी की कोशिश बहुत निंदनीय है। आरोपी को सख्त सजा दी जाए। कुछ दिन पहले श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी की कोशिश की गई थी। बेअदबी की घटनाओं के पीछे साजिश करने वालों का चेहरा बेनकाब कर सख्त सजा दी जाए। अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री