पुलिस की गिरफ्त में पिस्टल के साथ गिरफ्तार युवक।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार युवक को .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। रोपड़ निवासी आरोपी युवक गगनदीप सिंह (24) दुबई एयरपोर्ट पर विमान के रखरखाव का काम करता है। पुलिस पूछताछ में गगनदीप सिंह ने बताया कि उसकी रोपड़ में बदमाश किस्म के कुछ लोगों से रंजिश चल रही है, इसके चलते उसने पिस्टल खरीदी थी। आरोपी को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दो दिन रिमांड हासिल किया गया है।
सेक्टर-17 थाना प्रभारी राम रतन शर्मा की अगुवाई में टीम ने शनिवार देर रात केसी सिनेमा के सामने नाका लगा रखा था। यहां वाहनों की जांच चल रही थी। पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर फॉर्च्यूनर गाड़ी को रुकवा कर चालक की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने चालक से .32 बोर की पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किया। पूछताछ में उक्त गगनदीप सिंह पिस्टल के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपी ने बताया किया कि वह दुबई एयरपोर्ट पर एयरक्राफ्ट मेंटीनेंस का काम करता है। वह अक्तूबर 2020 में वहां से वापस लौटा है। उसकी रोपड़ में बदमाश किस्म के कुछ लोगों से रंजिश चल रही है, जिसके डर से ही उसने यह अवैध पिस्टल खरीदी थी ताकि जरूरत पड़ने पर वह हमलावर से अपनी जान बचा सके।
क्लब में शामिल होने आया था आरोपी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गगनदीप सिंह शहर में नाइट क्लब में शामिल होने के लिए आया था। उसे कुछ दोस्तों के साथ क्लब में जाना था, लेकिन पुलिस ने पहले ही दबोच लिया। पुलिस को शक है कि आरोपी शहर में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। बता दें कि पिछले एक महीने में सेक्टर-17 थाना पुलिस अलग-अलग जगहों से अपराधियों को गिरफ्तार कर उनसे 6 पिस्टल बरामद कर चुकी है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।