चंडीगढ़। झपटमारों ने शहर में आतंक मचा रखा है। ऐसा कोई दिन नहीं है जब झपटमारी न हो रही हो। मलोया में कंबल ओढ़े और मुंह पर मास्क लगाकर आया झपटमार महिला दुकानदार के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। वहीं, सेक्टर-51 में बाइक सवार तीन बदमाश एक व्यक्ति से नकदी और दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। सेक्टर-49 व मलोया थाने में झपटमारी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मलोया निवासी श्यामा देवी (54) ने बताया कि बीते सोमवार को सुबह सवा छह बजे बूथ मार्किट में करियाना की दुकान खोलने के लिए गई थी। दुकान का शटर खोला ही था कि एक युवक कंबल ओढ़े आया और दूध का पैकेट लेकर चला गया। इसके कुछ देर बाद ही कंबल ओढ़े व मुंह पर मास्क लगाकर युवक आया और गले में डली सोने की चेन झपटने की कोशिश की। उसने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ने व उसके चेहरे पर लगे मास्क को उतारने का प्रयास किया, लेकिन युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। महिला ने बताया कि यह वही युवक था जो दुकान खोलते ही दूध का पैकेट लेने के लिए आया था। दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक कैद हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।