चंडीगढ़। सेक्टर-11/15 की विभाजित सड़क पर चोरी की जेन कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-52 निवासी मनीष (20) के रूप में हुई है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सोमवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोहाली के सेक्टर-70 सफेद रंग की जेन कार चोरी करने वाला आरोपी सेक्टर-15 में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-11/15 विभाजित सड़क पर नाका लगाकर उक्त आरोपी को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में वह गोलमोल जवाब देना लगा। इसके बाद पुलिस मनीष को पकड़कर सेक्टर-11 थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है।