चंडीगढ़। सेक्टर-41 स्थित बढ़हेड़ी में 22 वर्षीय युवक गुलजार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच-32 की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार गुलजार घर में अकेला था। उसका भाई लगातार फोन कर रहा था लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद भाई ने नीचे रहने वाले परिचितों को घर जाकर देखने के लिए कहा। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर गुलजार फंदे से लटका मिला। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि मृतक का भाई आने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गुलजार अविवाहित था, किराये के मकान में रहता था और मजदूरी करता था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।