चंडीगढ़। कुराली की रहने वाली एक युवती को अतिरिक्त आय का लालच देकर 1.26 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता जीएमसीएच-32 में टेक्नीशियन है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि उसने इंटरनेट पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें अतिरिक्त आय का तरीका बताया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसका नंबर दो व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इसके बाद उस ग्रुप में बातचीत शुरू हो गई और ई-कॉमर्स कंपनी के नाम पर प्रोडक्ट बेचने का झांसा दिया। ठगों ने निवेश का ऑफर दिया तो युवती ने उनकी बातों में आकर अलग-अलग खातों में 1.26 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपियों ने उसे ग्रुप से निकाल दिया। ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।