लुधियाना। चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के पास नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आयोजित दो दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। नववर्ष के अवसर पर हुए इस धार्मिक आयोजन में एक लाख से अधिक भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन किए। पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु निशान यात्रा के रूप में मंदिर पहुंचे।
मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल ने बताया कि अल्प समय में यह मंदिर भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट की ओर से भंडारे का व्यापक प्रबंध किया गया। साथ ही शांतिपूर्ण दर्शन व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग पर आभार जताया गया, जिससे भक्त कतारबद्ध होकर सहजता से दर्शन कर सके।
ट्रस्टी संदीप गोयल ने बताया कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए नववर्ष पर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सेवा को भी बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर भजन गायिका प्रियंका श्याम दीवानी द्वारा मंदिर परिसर में हरिनाम संकीर्तन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य श्रद्धालु और ट्रस्ट सदस्य मौजूद रहे।