पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही जंग को ऐसे लोग ठेंगा दिखा रहे हैं जो साथ मिलकर चिट्टे का नशा कर रहे हैं। लुधियाना के हलवारा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें युवक और एक युवती नशे का सेवन कर रहे हैं।
भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा के पास बने एक धार्मिक स्थल के समीप गुप्त स्थान में एक युवती और पांच युवक चिट्टे का सेवन कर रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने से इलाके में हड़कंप मच गया। जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने बताया कि यह वीडियो एक विसल ब्लोअर द्वारा पुलिस और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया गया है। विसल ब्लोअर ने बताया कि उसके भाई की पिछले साल चिट्टे की ओवरडोज से मौत हो गई थी और उसने तस्करों और राजनीतिक शह रखने वाले कुछ लोगों का भंडाफोड़ करने का निर्णय लिया।
विज्ञापन
वीडियो में दिखाया गया है कि एक तस्कर से 25 ग्राम चिट्टा 60 हजार रुपये में खरीदी गई थी। विसल ब्लोअर ने पुलिस को जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने अपनी जान को भी खतरा बताया।
एसएसपी डॉ. गुप्ता ने कहा कि सुधार पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।