भाजपा कार्यकर्ताओं से घिरे डिप्टी सीएम ओपी सोनी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पंजाब के डिप्टी सीएम ओपी सोनी व भाजपा कार्यकर्ता दिख रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ओपी सोनी को घेर रखा है। फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के बाद प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं के तेवर तल्ख हैं। वायरल वीडियो में लोगों ने डिप्टी सीएम से मोदी जिंदाबाद के नारे लगवाए। इसके बाद उनका काफिला आगे जाने दिया। इस दौरान पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में...
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में दिख रहा है कि डिप्टी सीएम ओपी सोनी के काफिले को भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेर रखा है। कार्यकर्ता मोदी जिंदाबाद और जय श्री राम के नारे लगाते हैं। इस दौरान पंजाब पुलिस के जवान भी तैनात थे। डिप्टी सीएम ओपी सोनी अपनी कार से बाहर निकलते हैं और मोदी जिंदाबाद का नारा लगाया। इसके बाद वह गाड़ी में बैठकर चले गए। यहां भी पंजाब पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने में नाकाम रही।
मोदी की सुरक्षा में चूक मामले पर गरमाई सियासत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक मामले पर पंजाब में सियासत भी गरमा गई है। भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है तो वहीं कांग्रेस सुरक्षा चूक से इनकार कर रही है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर दी। शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने पूरे मामले में चन्नी सरकार को घेरा और पीएम को पर्याप्त सुरक्षा देने में राज्य सरकार को नाकाम बताया। कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने यह कहा कि जो हुआ व अस्वीकार्य है।