चंडीगढ़। लावारिस कुत्तों के झुंड ने हमला कर डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी समाजसेवी दयाल कृष्ण को घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया गया।
पीड़ित दयाल कृष्ण ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह घर से बाइक पर दिल्ली जाने के लिए बस स्टैंड की ओर निकल रहे थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही 5 से 6 लावारिस कुत्तों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से वह बाइक से असंतुलित हो गए और बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हमले में उनके पैर में पांच गहरे जख्म हुए और काफी खून बह गया। डॉक्टरों को उपचार के दौरान दो टांके लगाए। घटना में उनका चश्मा और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दयाल कृष्ण ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में भी दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि कॉलोनी के कई पार्कों में लावारिस कुत्तों के लिए शेड बनाए गए हैं। कुछ लोग नियमित रूप से उन्हें खाना खिलाते हैं। रात के समय यही कुत्ते राहगीरों और बाइक सवारों पर हमला कर रहे हैं जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों की मांग है कि नगर निगम समाधान के लिए ठोस कदम उठाए।