चंडीगढ़। सेक्टर-17 जन मार्ग पर प्लॉट नंबर-16 पर नए डीसी ऑफिस कांप्लेक्स का निर्माण होगा। डीसी निशांत कुमार यादव ने मंगलवार को इस प्रोजेक्ट पर सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। डीसी ने बताया कि नए ऑफिस कांप्लेक्स बिल्डिंग में तीन बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर को छोड़ यह छह मंजिला इमारत होगी। अभी सेक्टर-17 में रजिस्ट्रिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए), एक्साइज एंड टैक्सेशन, डीसी ऑफिस और एसडीएम के कार्यालय अलग-अलग जगहों पर है। नए डीसी ऑफिस कांप्लेक्स के बनने से यह सभी विभाग एक छत के नीचे आ जाएंगे। डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि नए साल में इस नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
जन मार्ग के प्लॉट नंबर-16 में बनने वाली उपायुक्त कार्यालय इमारत के लिए विस्तृत फंक्शनल लेआउट और वर्टिकल जोनिंग प्लान को अंतिम रूप दे दिया है। इस परियोजना का उद्देश्य एक आधुनिक, एकीकृत और नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक परिसर विकसित करना है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे कुशलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा सकें। प्रस्तावित भवन की योजना इस प्रकार तैयार की गई है कि जन-संपर्क क्षेत्रों, प्रशासनिक कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम और तकनीकी सेवाओं के बीच स्पष्ट और वैज्ञानिक विभाजन हो। इससे कार्य प्रवाह में सुगमता, सुरक्षा व्यवस्था में मजबूती, नागरिकों के लिए आसान मार्गदर्शन और बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।
बेसमेंट और पार्किंग व्यवस्था
भवन में तीन बेसमेंट (बेसमेंट-1, 2 और 3) प्रस्तावित हैं, जिनमें पार्किंग और आवश्यक भवन सेवाएं होंगी। इनमें रैंप, वेंटिलेशन सिस्टम, बिजली व अग्नि सुरक्षा इंस्टॉलेशन, प्रेसराइज्ड सीढ़ियां और लिफ्ट लॉबी शामिल होंगी जिससे सतह पर ट्रैफिक दबाव कम होगा।
नई बिल्डिंग में बेसमेंट और फ्लोर वाइज रहेगी ये व्यवस्था
-भवन के ग्राउंड फ्लोर को मुख्य जनसंपर्क केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां रिसेप्शन, प्रतीक्षालय, आरएलए कार्यालय, पब्लिक डीलिंग काउंटर, कैफेटेरिया और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
-पहली मंजिल पर आरएलए की शाखाएं, एसडीएम कार्यालय, पब्लिक डीलिंग काउंटर और रिकॉर्ड रूम स्थापित किए जाएंगे।
-दूसरी मंजिल को राजस्व और अर्ध-न्यायिक कार्यों के लिए निर्धारित किया गया है। यहां तहसीलदार कार्यालय, भूमि अधिग्रहण अधिकारी, कोर्ट रूम और संबंधित सुविधाएं होंगी।
-तीसरी मंजिल पर डीसी, एडीसी कार्यालय, अकाउंट्स ब्रांच, एनआईसी सपोर्ट और कॉन्फ्रेंस हॉल की व्यवस्था की गई है।
-चौथी मंजिल पर आबकारी एवं कराधान विभाग सहित अन्य विभागीय कार्यालयों और कोर्ट रूम का प्रस्ताव है।
-पांचवीं और छठी मंजिल तकनीकी सेवाओं के लिए आरक्षित रहेंगी, जिनमें एनआईसी, एचवीएसी प्लांट और अन्य तकनीकी इकाइयां शामिल होंगी।
सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए जाएंगे
भवन में अत्याधुनिक अग्नि सुरक्षा, आपात निकासी और सुरक्षा प्रणालियां स्थापित की जाएंगी। डीसी ने कहा कि यह एकीकृत कार्यालय परिसर सेवा वितरण, पारदर्शिता और विभागीय समन्वय को नई गति देगा। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से लागू कर चंडीगढ़ के नागरिकों को जल्द लाभ पहुंचाया जा सके।