अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने रियल एस्टेट उद्योग और सरकार के बीच सामंजस्य को बढ़ाने के लिए एक विशेष कमेटी गठित की है। कमेटी रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए एक अनुकूलित परिवर्तन रोडमैप तैयार करेगी।
इस कमेटी का मकसद आवास एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पंजाब में एक प्रगतिशील, पारदर्शी और निवेश अनुकूल रियल एस्टेट इको सिस्टम के लिए नीतिगत सुझाव प्रदान करना है। आवास एवं शहरी सूबे के विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों के साथ सक्रिय सहयोग के माध्यम से एक सर्वश्रेष्ठ नीति मॉडल तैयार करना है।
दीपक गर्ग को समिति का अध्यक्ष व रूपिंद्र सिंह चावला को उपाध्यक्ष बनाया गया है। उमंग जिंदल, सुखदेव सिंह, प्रदीप बंसल, बलजीत सिंह, दीपक मखीजा, रूपिंदर सिंह गिल, रोहित शर्मा, केके शर्मा कुकू, मोहिंद्र गोयल, वरुण धाम व अमरिंदर सिंह मल्ही को सदस्य बनाया गया है।
समिति अन्य राज्यों द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं और नीतिगत ढांचों का अध्ययन करेगी और पंजाब की विकासात्मक प्राथमिकताओं के अनुरूप सिफारिशें विकसित करेगी। समिति अधिसूचना जारी होने के छह सप्ताह के भीतर अपनी लिखित सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।