फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाबाश! युवती की एक फोन कॉल ने बचाई प्रेमी जोड़े की जान

Tue, 28 Jul 2015 03:18 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गोहाना
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा के गोहाना में एक लड़की ने साहस और सतर्कता से न केवल अपनी, बल्कि अपने प्रेमी की उस समय जान बचाई, जबकि ऑनर किलिंग होने से रोक दी। प्रेमी जोड़े पर उनके परिजनों ने दोनों पर हमला कर दिया। महिला हेल्पलाइन 1091 से सूचना पाकर सिटी पुलिस लड़के के घर पहुंची और प्रेमी युगल को बचाया।
विज्ञापन


पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया। जहां 19 वर्षीय लड़की ने न केवल प्रेमी युवक के साथ शादी करने की बात कही बल्कि अपने परिजनों से जान का खतरा भी बताया। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने लड़की के माता-पिता के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर युगल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।

पुलिस कार्रवाई से नाराज लड़की के परिजनों ने रात को थाने के अंदर भी काफी देर तक हंगामा किया, लेकिन लड़की ने परिजनों से मिलने से मना कर दिया। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

इंटर कास्ट मैरिज करना चाहते हैं दोनों

थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार देर रात 1091 पर एक कॉल आई। लड़की ने बताया कि वह तीन साल से एक लड़के को जानती है। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन अलग-अलग जाति का होने से परिजन तैयार नहीं हैं। आज वह मिलने के लिए लड़के के घर आई थी, लेकिन पीछे से परिजन आ गए।

अब दोनों की जान को खतरा है। बिना समय गंवाए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि लड़की के परिजन पहले ही पहुंच गए थे। न केवल युवक पर डंडों से हमला किया, बल्कि लड़की के सिर से भी खून बहने लगा।

किसी तरह दरवाजा खुलवाकर लड़की को बचाया
सबसे पहले एक पुलिसकर्मी राइडर पर पहुंचा। जब आरोपी युवक को पीट रहे थे, तब वह बीच में आ गया और किसी तरह लड़के को आरोपियों के कब्जे से बाहर निकालकर बाहर लाया। इसी बीच परिजन लड़की को लेकर चंपत हो गए।

इसके बाद सिटी थाना प्रभारी खुद टीम के साथ लड़की के घर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खुलवाकर उसे महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से लड़की को बचाया।
विज्ञापन

थाने में भी आ धमके परिजन

पुलिस लड़की को लेकर थाने आ गई। सबसे पहले उसका उपचार कराया गया, क्योंकि उसके सिर से लगातार खून बह रहा था। इसी बीच उसके परिजन और आसपास के लोग आ गए। वे एक बार लड़की से मिलने की जिद करने लगे। पुलिस के मुताबिक लड़की ने मिलने से इंकार कर दिया।

इसको लेकर पुलिस और लड़की के परिजनों के बीच काफी देर तक बहस भी हुई, लेकिन पुलिस ने बीचबचाव कर भीड़ को थाने से बाहर खदेड़ दिया। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने परिजनों को कहा कि लड़की बालिग है। जो भी बयान देगी उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अदालत में लड़की ने यह दिया बयान
पुलिस के मुताबिक लड़की ने अदालत में बयान दिया है कि वह बालिग और अपनी मर्जी से लड़के के साथ शादी करना चाहती है, लेकिन परिजन तैयार नहीं हैं। उन्होंने रात को उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

दोनों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न केवल केस दर्ज कर लिया, बल्कि सुरक्षित स्थान पर भी भेज दिया। साथ में पुलिस अब लड़की के माता-पिता की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें