चंडीगढ़। नौकरी की तलाश में घूम रहे एक व्यक्ति को घर में बंधक बना मारपीट कर लूट लिया। आरोपी ने उससे सोने की चेन, सोनेे की अंगूठी और 44 हजार रुपये जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते की जांच कर रही है, जिसमें आरोपियों ने पैसे ट्रांसफर किए थे।
मुंडी खरड़ स्थित ग्रीन वैली निवासी बलविंदर सिंह (36) ने बताया कि वह काम के संबंध में जानकार सुधीर कुमार यादव से सेक्टर-22 में मिलने आया था। सुधीर से मिलने के बाद करीब साढ़े तीन बजे वह सेक्टर-22 स्थित इंडियन ऑयल पंप के पास बने पब्लिक शौचालय के पीछे पहुंचा। वहां पर एक युवक मिला। उस युवक ने पूछा कि क्या नौकरी की तलाश में आए हो। बलविंदर ने जब हां में जवाब दिया तो आरोपियों ने कहा कि वह वर्क फ्रॉम करता है और उसे भी यही काम करवा सकता है। आरोपी पीड़ित को सेक्टर-22 के मकान नंबर- 745 में ले गया। आरोपी फर्स्ट फ्लोर पर रूम में गया और कमरे की अंदर से कुंडी लगा ली। आरोपी का कमरे के साथ एक और ज्वाइंट रूम था। तभी दूसरे कमरे से पांच युवक आए और उन्होंने बलविंदर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन, हाथ में पहनी हुई सोने की अंगूठी छीन ली। इसके बाद आरोपियों ने गूगल पे का पासवर्ड पूछकर 44 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। आरोपी पीड़ित के कपड़े उतारकर वीडियो बनाने लगे और कपड़े उतारकर दूसरे कमरे में रखकर वहां से भाग गए। पीड़ित ने बाहर आकर पुलिस को शिकायत दी।