चंडीगढ़। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल नेशनल हाईवे 5 पर ट्रैफिक दबाव कम करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पोल्ट्री फार्म चौक से जीरकपुर बॉर्डर तक नए फ्लाईओवर परियोजना की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस छह लेन फ्लाईओवर के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को कंसल्टेंट एजेंसी नियुक्त की गई है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना पर 300 से 350 करोड़ रुपये तक खर्च आने का अनुमान है।
कंसल्टेंट एजेंसी अगले तीन महीनों में अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपेगी। इसमें मौजूदा ट्रैफिक, सड़क ढांचे, डिजाइन विकल्पों और तकनीकी-आर्थिक पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर अंतिम डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-32 के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल चौक से जीरकपुर बॉर्डर तक एक ही फ्लाईओवर बनाना संभव नहीं था क्योंकि पोल्ट्री फार्म चौक के पास रेलवे ओवरब्रिज मौजूद है। इसी कारण परियोजना को दो हिस्सों में बांटने का निर्णय लिया गया। पहला फ्लाईओवर ट्रिब्यून चौक पर बनाया जा रहा है जबकि दूसरा रेलवे ओवरब्रिज के पास से शुरू होकर जीरकपुर बॉर्डर पर पहले से बने फ्लाईओवर तक जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक इससे पोल्ट्री फार्म चौक, हल्लोमाजरा लाइट पॉइंट और ओल्ड एयरपोर्ट लाइट पॉइंट पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। मौजूदा समय में सुबह और शाम कार्यालय समय के दौरान इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक दबाव रहता है और वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। मंत्रालय पूरे कॉरिडोर को सिग्नल फ्री बनाने की योजना पर काम कर रहा है।
उधर, ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर परियोजना को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कानूनी विवाद जारी है। हाल ही में अदालत ने पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई थी। याचिकाकर्ताओं ने दलील दी है कि फ्लाईओवर निर्माण शहर के मास्टर प्लान-2031 और हेरिटेज स्वरूप के विपरीत है। वहीं यूटी प्रशासन ने अदालत में कहा कि मास्टर प्लान में फ्लाईओवर निर्माण की अनुमति है और पर्यावरणीय प्रभाव कम करने के लिए 5:1 अनुपात में 2,799 पौधे लगाने की योजना तैयार की गई है। उल्लेखनीय है कि ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर का ठेका हाल ही में सिंगला कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को 147.98 करोड़ रुपये में दिया गया है। 1.6 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में रोटरी और अंडरपास भी शामिल होंगे। निर्माण कार्य मई 2026 से शुरू होकर अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मूल ट्रैफिक सर्वे के अनुसार ट्रिब्यून चौक से प्रतिदिन 1.43 लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन को उम्मीद है कि नए फ्लाईओवर से पूरे कॉरिडोर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।