चंडीगढ़। सेक्टर-42 स्थित कोठी में काम करने वाले एक व्यक्ति ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने उसे फंदे पर लटकता देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान मूलरूप से नेपाल के रहने वाले राजू (40) के रूप में हुई है। सेक्टर-36 थाना पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-42 स्थित कोठी नंबर 1258 में व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर सेक्टर-36 थाना पुलिस पहुंची और व्यक्ति को फंदे से उतार जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि व्यक्ति का नाम राजू है और वह पिछले कई सालों से कोठी की देखभाल करता था। शुक्रवार को कोठी मालिक ने राजू ने को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी को अपने घर भेजा तो मामले का पता चला। राजू अपने कमरे में पंखे से लटका हुआ था। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोविड-19 की रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस अब कोठी मालिक समेत अन्य आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि राजू के आत्महत्या करने का असल कारणों का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।