चंडीगढ़। किसान भवन चौक के नजदीक बुधवार सुबह तेज रफ्तार रेंज रोवर गाड़ी ने सेक्टर-22/35 की डिवाइडिंग रोड पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति गाड़ी के बोनट से टकराकर कई फीट दूर जा गिरा। घायल को तुरंत पीजीआई में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलोया के रहने वाले सत्यनारायण पासवान के रूप में हुई। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ पर केस दर्ज कर लिया है। मार्कफेड में कार्यरत सत्यनारायण पासवान (45) बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे किसान भवन के पास सेक्टर-22 से 35 की ओर पैदल जा रहे थे। पिकाडली लाइट पॉइंट की ओर से आई तेज रफ्तार रेंज रोवर गाड़ी ने सड़क पार कर रहे सत्यनारायण पासवान को टक्कर मार दी। इसमें वह बोनट से टकराकर वह काफी दूर जा गिरे। हालांकि, गाड़ी से टक्कर लगने के बाद चालक व वाहन मालिक ने अन्य लोगों की मदद से अपनी गाड़ी में पीजीआई में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सत्यनारायण पासवान को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेंज रोवर गाड़ी को कब्जे में लेने के साथ चालक जसमिंदर सिंह को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।