अबोहर के गांव दौलतपुरा में पारिवारिक झगड़े का राजीनामा करवाने गए गांव भंगाला निवासी युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना में एक महिला घायल है। उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
सरकारी अस्पताल में दाखिल महिला सुखदीप कौर ने बताया कि करीब 8 वर्ष पूर्व उसका विवाह गांव दौलतपुरा निवासी आलन सिंह के साथ हुआ। सुखदीप कौर के अनुसार उसका पति आलन सिंह श्रीगंगानगर में किसी ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाता है और अक्सर उससे झगड़ा करते हुए खुद का कैंटर लेने के लिए मायके से पैसे लाने की मांग करता है।
इसी बात को लेकर कई बार उसके पति सहित सास-ससुर ने मारपीट की। उसने बताया कि मंगलवार को भी उसके पति सहित अन्य ससुरालियों ने पैसों की मांग को लेकर उसकी पिटाई की। इसकी सूचना उसने अपने भाई गांव रानीवाला निवासी स्वर्णप्रीत को फोन पर दी।
शाम को स्वर्णप्रीत अपने दोस्त गांव भंगला निवासी करीब 26 वर्षीय बिट्टा सिंह पुत्र पम्मा सिंह व एक अन्य के साथ गांव दौलतपुरा पहुंचे और देर रात करीब साढ़े 10 बजे आलनदीप सिंह पूरे परिवार के साथ राजीनामा संबंधी बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान जब वह चाय बनाकर लाई तो गुस्से में आए आलन सिंह ने गर्म चाय उसके ऊपर ही फेंक दी। इस पर झगड़ा शुरू हो गया। सुखदीप ने बताया कि झगड़े में उसके पति, जेठ, देवर, चाचा ससुर आदि ने मिलकर मेरे भाई स्वर्णप्रीत सहित उसके दोस्तों की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने बिट्टा को लाठियों से इस कदर पीटा कि वह अचेत हो गया।
घायल बिट्टा को 108 एंबुलेंस से रात करीब सवा 1 बजे सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी परमजीत कुमार ने घायल महिला सुखदीप कौर के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।