चंडीगढ़। सेक्टर-53 के जंगल में हिमाचल से आए एक व्यक्ति के साथ लूट हो गई। आरोपी ने जंगल में ले जाकर डंडों से बुरी तरह पीटा। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शिमला निवासी 44 वर्षीय गोपाल शर्मा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे किसी काम से दिल्ली जाना था। 3 मई को वह शिमला से बस में चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड पहुंचा। यहां से दिल्ली जाने के लिए वह बस की तलाश कर रहा था। बस स्टैंड पर एक युवक ने उसे अपनी बातों में बहला-फुसलाकर दोस्ती कर ली। आरोपी ने गोपाल से कहा कि दिल्ली की बस सेक्टर-17 बस स्टैंड से मिलेगी। आरोपी ने कहा कि वह भी सेक्टर-17 बस स्टैंड की तरफ ही जा रहा है। इस दौरान आरोपी ने सेक्टर-53 जंगल के पास एक्टिवा रोकी और डंडे से पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद वह उसका पर्स लेकर फरार हो गया।
पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एचडीएफसी बैंक एटीएम, केनरा बैंक एटीएम, 1600 रुपये नकद और मोबाइल था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गोपाल को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।