मोहाली। घडुआं स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के बाहर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित को इलाज के लिए खरड़ के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सदर खरड़ पुलिस ने एक नामजद अनित दुग्गन समेत सात अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी जानकारी में पीड़ित लक्षय वासी रायपुररानी (पंचकूला) ने बताया कि वह बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। सात जुलाई को वह अपने दोस्त विष्णु और आकाश के साथ मोटरसाइकिल पर हॉस्टल जा रहे थे। जब वह गेट नंबर 4 क्रॉस करके थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से एक कार आई। इसके चालक ने कार उनके बाइक के आगे लगाकर उन्हें घेर लिया। कार में से चार नौजवान निकले। उनमें से एक यूनिवर्सिटी का छात्र अनित दुग्गन था। उनसे अपने हाथ में पकड़ी रॉड से शिकायतकर्ता पर वार किया जो उसकी कोहनी पर लगा। अनित ने आवाज मार कर 3-4 अन्य साथियों को बुलाया। सभी ने बेसबॉल के डंडों के साथ उसके साथ मारपीट की। जब उसके दोस्तों ने शोर मचाया तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।