सिंघड़ा नानकसर गुरुद्वारा प्रबंधक संत राम सिंह की मौत से आहत बुजुर्ग किसान ने गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आकर जान दे दी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मृतक के बेटे के बयान पर धारा-174 के तहत इत्तफाकिया कार्रवाई की है। गांव ठरवा निवासी जसबीर सिंह (56) बाबा राम सिंह का अनुयायी था और उनसे काफी प्रभावित भी था।
अक्सर उनके दर्शन के लिए गुरुद्वारा परिसर में आता था। जसबीर पहले जलमाना के निजी स्कूल में पढ़ाता था बाद में गांव में ही पंचायत की ओर से सरकारी स्कूल में पढ़ा रहा था। मार्च में कोरोना महामारी के बाद घर पर ही था और अपनी आठ एकड़ जमीन पर खेती करता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जसबीर गुरुवार दोपहर 1:00 बजे के आसपास गुरुद्वारे से अंदर बाहर बार-बार चक्कर लगा रहा था।
तभी वह अचानक गुरुद्वारा नानकसर के अंदर जा रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने का भी प्रयास किया। थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि मृतक के बेटे अनिरुद्ध के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है। अनिरुद्ध ने पुलिस को बयान दिया है कि उसके पिता अचानक नीचे गिर गए और ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आ गए।