मोहाली। गमाडा के अहम प्रोजेक्ट एयरोट्रोपोलिस प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को गमाडा के खिलाफ किसानों द्वारा शुरू की गई क्रमिक भूख हड़ताल बुधवार को आठवें दिन में प्रवेश कर गई। इस दौरान धरने में गुरमीत सिंह बैदवाण, एसपीजीसी मैंबर परमजीत कौर लांडरा, परमदीप सिंह बैदवाण, जसवंत सिंह मानकमाजरा, इकबाल सिंह बेरोपुर समेत कई किसान भूख हड़ताल पर बैठे। इस दौरान किसानों के बच्चों ने भी समर्थन में भाग लिया, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिली। किसानों और संघर्ष समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि गमाडा एयरोट्रोपोलिस प्रोजेक्ट के तहत आठ गांवों की 3553 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि आठ अन्य गांवों की करीब 3000 एकड़ जमीन को भी अधिग्रहित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले अधिग्रहित की गई जमीन पर अभी तक कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है, ऐसे में नई जमीन लेने का कोई औचित्य नहीं है। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे और इस फैसले के खिलाफ आर-पार की लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने पंजाब सरकार और गमाडा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।